वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के यूपी कांग्रेस प्रभारी बनाये जाने के बाद कांग्रेस के अंदरखाने प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री के बदले जाने की चर्चाएं सियासी गलियारों में तेज हो गई हैं। हालांकि कांग्रेस आलाकमान ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि यूपी में निर्मल खत्री की जगह कौन लेगा, लेकिन कांग्रेस नेताओं के बीच इसके लिए जोर-आजमाइश शुरू हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपने खून से पत्र लिखकर प्रमोद तिवारी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है।

खून से लिखा पत्र

  • सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस यूपी विधानसभा चुनाव में ब्राम्हण-मुस्लिम गठजोड़ के सहारे उतरने जा रही है। जिसके लिए गुलाम नबी आजाद को यूपी प्रभारी नियुक्त किया जा चुका है।
  • अब सवर्ण वोटरों को साधने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के रूप में किसी ब्राम्हण चेहरे की तलाश कर रही है।
  • यूपी कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए राहुल गांधी की कोर कमेटी के सदस्य रहें जितन प्रसाद, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दिक्षित और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के नाम सबसे आगे चल रहें हैं।
  • इसके साथ ही कांग्रेस का एक धड़ा यूपी में पार्टी के प्रचार-प्रसार की कमान प्रियंका गांधी को सौंपने की मांग कर रहा है।
  • कांग्रेसियों ने अपने पत्र में लिखा है कि यूपी के विधानसभा चुनाव के दौरान विरोधी दलों से मुकाबले के लिए स्टार प्रचारक के रूप में प्रियंका गांधी को कमान सौंपना जरूरी है।
  • वहीं पत्र में लिखा गया है कि, प्रमोद तिवारी को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से ब्राह्मण वोटों के साथ अन्य जातियों के वोटों का फायदा भी पार्टी को मिल सकता है।
  • शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को खून से लिखा खुला पत्र भेजने के साथ ही अपनी मांगों को लेकर नेहरू-गांधी के पैतृक आवास आनंद भवन के सामने प्रदर्शन किया।
UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें