शिवपाल सिंह यादव के समाजवादी पार्टी से अलग हो जाने के बाद भी सपा में गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आये दिन कई मौकों पर पार्टी में गुटबाजी खुलकर सामने आ जाती है जिसके कारण पार्टी को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कुछ ऐसा ही नजारा खजांची के जन्मदिन पर कानपुर देहात पहुंचे अखिलेश यादव को देखना जिसके बाद अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बड़ी कार्यवाई की है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री को सपा ने निकाला :

कानपुर के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिव कुमार बेरिया को सपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। उनके साथ ही रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष कुलदीप यादव को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों नेताओं पर यह कार्रवाई पार्टी विरोधी गतिविधियों और पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में गुटबाजी सामने आने पर की है।

सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नोटबंदी के समय लाइन में जन्मे खजांचीनाथ को जन्मदिन पर विशेष तकनीकी के आरसीसी रेडीमेड मकान भेंट करने की घोषणा की थी। बीते रविवार को खजांची के जन्मदिन समारोह में सरदारपुरवा गांव पहुंचे सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में खजांची नाथ व उसकी मां सर्वेशा देवी नहीं पहुंची थीं। बाद में खजांची के बाबा व दादी को बंद लिफाफे में आर्थिक मदद व सरदारपुरवा गांव के मकान की चाबी सौंपी थी।

अखिलेश के निर्देश पर हुई कार्यवाई :

इससे गंभीरता से लेते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश अध्यक्ष नरेश उतम को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने व गुटबाजी के चलते पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया व रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष कुलदीप यादव को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। सपा कानपुर देहात जिलाध्यक्ष समरथ पाल ने बताया प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित किया है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें