Uttar Pradesh News, UP News ,Hindi News Portal ,यूपी की ताजा खबरें
Uttar Pradesh

लखनऊ में शहीद पथ के पास आठ एकड़ में बनेगा नौसेना का शौर्य संग्रहालय

लखनऊ में शहीद पथ के पास आठ एकड़ में बनेगा नौसेना का शौर्य संग्रहालय

लखनऊ में शौर्य संग्रहालय बनने से पर्यटन के आकर्षण में विविधता बढ़ेगी। इससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

पर्यटन विभाग ने 24.43 करोड़ का भेजा प्रस्ताव, सितंबर में शुरू हो सकता है काम

सेवामुक्त युद्धपोत आइएनएस गोमती की मिसाइल, टारपीडो समेत अन्य उपकरणों का होगा विशेष प्रदर्शन
लखनऊ। 26 अगस्त। लखनऊ के पर्यटन विकास में एक और कड़ी जुड़ने जा रही है। शहीद पथ के पास भारतीय नौसेना का शौर्य संग्रहालय बनेगा। पुलिस मुख्यालय के पास करीब आठ एकड़ भूमि चिन्हित कर ली गई है।

 

यह गोमती नदी के भी नजदीक है। पर्यटन विभाग ने 24.43 करोड़ का प्रस्ताव भेजा है। उम्मीद है कि जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। सितंबर में आधारशिला रखी जा सकती है। यहां सेवामुक्त युद्धपोत आइएनएस गोमती की मिसाइल, टारपीडो व कैनन समेत अन्य उपकरणों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। बता दें कि भारतीय नौसेना के बेड़े में 34 वर्ष तक शामिल आइएनएस गोमती उत्तर प्रदेश को दिया गया है।

भारतीय नौसेना का शौर्य संग्रहालय देश का पहला संग्रहालय होगा जिसमें पांच हजार वर्ष पूर्व भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति के शुरुआत में सिंधु घाटी सभ्यता के नगरों हड़प्पा, मोहन जोदड़ो, लोथल आदि में बने जलयानों से लेकर प्राचीन भारत में सातवाहन, गुप्त एवं चोल साम्राज्य तथा मध्यकाल में मराठा साम्राज्य द्वारा गठित नौसेना और मौजूदा भारतीय नौसेना के युद्धपोतों और जलयानों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस संग्रहालय के बनने से पर्यटकों को और ज्यादा घूमने और जानने का मौका मिलेगा।

अक्टूबर में आएंगे आइएनएस गोमती की मिसाइल समेत अन्य उपकरण

आइएनएस गोमती फिलहाल मुंबई में ही है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और भारतीय नौसेना में एग्रीमेंट हुआ है कि शौर्य संग्रहालय का निर्माण शुरू होने के साथ ही मिसाइल समेत अन्य उपकरणों को लखनऊ लाया जाएगा। अब सितंबर में कार्य शुरू होने की पूरी संभावना है। ऐसे में अक्टूबर में सभी उपकरणों को मंगाया जाएगा। संग्रहालय में आइएएनएस गोमती के उपकरणों के अलावा नौसेना के सी—किंग हेलीकाप्टर और सी—हैरियर वायुयान को भी प्रदर्शित किया जाएगा। युवाओं को नौसेना संबंधित जानकारी देने के लिए डिजिटल इंटरप्रेटेशन सेंटर का निर्माण भी किया जाएगा।

 

Related posts

शामली-अज्ञात चोरों ने एक डॉक्टर की दुकान में चोरी की

kumar Rahul
7 years ago

प्रधानमंत्री सड़क योजना में विभाग और ठेकेदार ने जमकर की लूट, साढ़े चार करोड़ की 11 किलोमीटर की बनी सड़क एक माह में टूटी, डीएम ने तीन सदस्यीय जाँच टीम की गठित, भटनी से बलुआ अफगांन प्रधानमंत्री सड़क योजना का मामला

Ashutosh Srivastava
7 years ago

बागपत-कुख्यात बदमाश सुनील राठी की माँ गिरफ्तार

kumar Rahul
7 years ago
Exit mobile version