यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी को मैदान में उतारने की खबरों के बीच लगभग तय हो गया है कि इस चुनाव में इलाहाबाद का स्वराज भवन ही कांग्रेस का प्रचार केन्द्र होगा। सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रचार की कमान प्रियंका गांधी संभालेगी, और उनकी अगुवाई में प्रदेशभर में 180 रैलियां होंगी। बताया जा रहा है कि चुनाव के बाद स्वराज भवन स्थित उस कक्ष को भी आमजन के लिए खोल दिया जाएगा जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म हुआ था।
- पार्टी सूत्रों के हवाले से खबर है कि नवबंर में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में प्रियंका गांधी को चुनाव प्रचार की कमान सौंपी जा सकती है। प्रियंका पहली बार 1991 में स्वराज भवन आईं थी।
- मालूम हो कि आजादी के पहले तक स्वराज भवन कांग्रेस का मुख्यालय था। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म भी यहीं पर हुआ था।
- कांग्रेस इंदिरा गांधी की 100वीं जयंती को इस बार शताब्दी वर्ष के रूप में मना रही है। आयोजन का मुख्य केन्द्र उनकी जन्मस्थली स्वराज भवन ही होगा।
- पार्टी अगले विधानसभा चुनाव में नेहरू-इंदिरा की विरासत को भुनाना चाहती है, यही कारण है कि कांग्रेस 2017 का चुनाव स्वराज भवन को केन्द्र में रखकर लड़ना चाहती है।
- बताया जाता है कि प्रियंका ने जब 2002 में दूसरी बार स्वराज भवन में कदम रखा तो उनका जादू इलाहाबाद के लोगों के सर चढ़ कर बोल रहा था।
- शायद यही वजह है कि पार्टी चुनाव का शंखनाद यहां से करना चाह रही है और चुनाव कमान भी प्रियंका को सौंपने की तैयारी है।
- बताया जा रहा है कि स्वराज भवन का रंगरोगन किया जा रहा है, और भवन के जिस कक्ष में इंदिरा गांधी का जन्म हुआ था उसका जीर्णोद्धार भी किया जा रहा है।
- सूत्रों की माने तो जल्द ही यह कक्ष आमजन को समर्पित किया जा सकता है, जिसमें लोग इंदिरा गांधी से जुड़ी यादों को ताजा कर सकें।